पीएम मोदी रात 8.30 बजे देश को करेंगे संबोधित, महिला आरक्षण बिल या कोई मुद्दा? किस पर करेंगे बात…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस संबोधन में पीएम देश से जुड़े अहम मुद्दों पर बात कर सकते हैं। इससे पहले शनिवार को ही प्रधानमंत्री ने कैबिनेट की बैठक में हिस्सा लिया। हालांकि वे किस विषय पर बोलेंगे, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि उनका संबोधन महिला आरक्षण के मुद्दे और संसद में हाल के घटनाक्रमों पर केंद्रित हो सकता है।
तमिलनाडु के कोयंबटूर में चुनाव प्रचार के दौरान PM ने बताया कि वे महिला आरक्षण बिल पर बोलेंगे। PM ने कहा- “मैं अपने लोगों के बीच अपना दुख व्यक्त करना चाहता हूं।”
लोकसभा में शुक्रवार को महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान (131वां संशोधन) बिल पास नहीं हो सका था। इस बिल में लोकसभा सीटों को 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33% आरक्षण देने का प्रस्ताव था।बिल के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े, जबकि इसे पास करने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। सूत्रों के मुताबिक, PM ने शनिवार को कैबिनेट मीटिंग में कहा कि विपक्ष ने महिला आरक्षण का समर्थन न करके गलती की है और उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे।
