राजस्थान: पचपदरा रिफाइनरी में आग की घटना के बाद पीएम मोदी का दौरा स्थगित, प्रधानमंत्री करने वाले थे उद्घाटन ….
राजस्थान के बालोतरा के पचपदरा में स्थित भारत की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में भीषण आग लग गई है। ये रिफाइनरी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार का एक साझा प्रोजेक्ट है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस रिफाइनरी का मंगलवार को लोकार्पण करने वाले थे, लेकिन आग की वजह से पीएम मोदी का राजस्थान दौरा रद्द हो गया है । रिफाइनरी में आग लगने के बाद दो दर्जन से ज्यादा फायरब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और काफी मुश्किल के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। घटना के कारणों का पता लगाने और जरूरी सुधार के उपाय करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। उद्घाटन की नई तारीख जल्द ही बताई जाएगी।इस रिफाइनरी की नींव सबसे पहले 22 सितंबर, 2013 को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने राज्य में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल के दौरान रखी थी, जिसकी शुरुआती अनुमानित लागत 37,230 करोड़ रुपये थी।
प्रधानमंत्री मोदी को रिफाइनरी का लोकार्पण करने के साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करना था।आग लगने की घटना की वजह से प्रधानमंत्री मोदी का लोकार्पण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यालय ने पीएम के कार्यक्रम के स्थगित होने की पुष्टि कर दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी सोमवार शाम पचपदरा पहुंचना था।
