तमिलनाडु के विरुधुनगर में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 18 लोगों की मौत…
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ। पुलिस के मुताबिक, हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।हादसे के समय फैक्ट्री में 30 मजदूर काम कर रहे थे। 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें तीन महिलाएं हैं, जो करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई हैं। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
दमकल और रेस्क्यू टीमें कई घंटों से आग बुझाने और मलबा हटाने में जुटी हैं। धमाके के बाद भी पटाखे फूटते रहे, जिससे रेस्क्यू में दिक्कत आई।शुरुआती जांच में सामने आया कि विस्फोट फैक्ट्री के सामने वाले हिस्से में हुआ है, जहां मजदूर कच्चे सामान के साथ काम कर रहे थे।
यह विस्फोट फैक्ट्री के अंदर अचानक हुआ, जिसके बाद तेज धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि फैक्ट्री का एक बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया और आग तेजी से फैल गई।तमिलनाडु में विरुधुनगर और शिवकाशी क्षेत्र पटाखा उद्योग के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां पहले भी कई बार इस तरह के हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।
तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने X पर लिखा-“मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मंत्रियों को तुरंत घटनास्थल पर जाने के लिए कहा है। साथ ही जिला कलेक्टर से बात कर सभी जरूरी सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।”
