“सीजफायर नहीं बढ़ेगा और डील भी होगी”, ईरान से युद्धविराम पर डोनाल्ड ट्रंप….
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को अंतिम चेतावनी देते हुए 22 अप्रैल के बाद संघर्षविराम बढ़ाने से इनकार कर दिया है। ट्रंप ने कहा कि यदि आधी रात तक समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई और बमबारी शुरू कर सकता है। पाकिस्तान में प्रस्तावित शांति वार्ता पर भी अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस वार्ता का शानदार अंत होगा।
ट्रंप ने दावा किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल है। अमेरिका इस वक्त बेहद मजबूत स्थिति में है और ईरान के साथ एक बेहतर समझौते की संभावना बनी हुई है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के पास ऑप्शन नहीं हैं और उसे समझौता करना ही होगा। उन्होंने कहा कि हम पूरी तरह तैयार हैं और हम सीजफायर के पहले से कहीं ज्यादा ताकतवर हैं। हमने युद्धविराम का इस्तेमाल अपनी ताकत बढ़ाने के लिए किया और उन्होंने भी शायद थोड़ा बहुत ऐसा किया होगा।
ट्रंप ने कहा, ‘हमने कल सोमवार (20 अप्रैल, 2026) को एक जहाज को पकड़ा, जिसमें कुछ ऐसी चीजे थीं, जो अच्छी नहीं थी । शायद यह चीन की तरफ से कोई तोहफा था, मुझे नहीं पता, मैं हैरान हूं । मुझे लगा था कि मेरी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ समझ बनी हुई है।’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीएनबीसी को दिए एक साक्षात्कार में बहुत स्पष्ट शब्दों में कहा है कि कूटनीति के लिए अब और समय देना मुमकिन नहीं है। ट्रंप ने कहा कि हमारे पास इतना समय नहीं है। समय सीमा 22 अप्रैल है और मैं संघर्षविराम को बढ़ाना नहीं चाहता।
