दिल्ली में 6 मंजिला होटल में आग,मरने वाले 21 लोगों में 17 विदेशी, अधिकतर नाइजीरिया, बांग्लादेश और लाइबेरिया से,बिना फायर NOC चल रहा था होटल…
दिल्ली के मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में बुधवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 घायल हैं। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि मालवीय नगर अग्निकांड में कुल 21 लोगों की मौत हुई है। इन मृतकों में 17 विदेशी नागरिक शामिल हैं। अधिकांश मृतक लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोजाम्बिक और बांग्लादेश के रहने वाले थे।दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय लोगों के मुताबिक, मालवीय नगर में मौजूद इस होटल के रेस्टोरेंट में सुबह 8.50 बजे आग लगी। आग ऊपरी मंजिलों पर बने कमरों और बेसमेंट तक पहुंच गई।चीफ फायर ऑफिसर अभिलाष मलिक ने कहा,”फायर टीम ने यहां से 37 लोगों को बाहर निकाला। बिल्डिंग की फायर NOC नहीं थी। होटल में 25 कमरे हैं।“
जिस होटल में आग लगी है उसके मालिक का नाम लवकेश बजाज। होटल में तीन पार्टनर हैं। इनके कई और होटल और गेस्ट हाउस यहां हैं।होटल के पास फायर एनओसी नहीं था। होटल की छत पर पीजी चल रहा था। फ्लरिश स्टे नाम का होटल था और नीचे रेस्टोरेंट लेमन ग्रीन नाम का रेस्टोरेंट था जिसमें आग लगने की आशंका है।फ्लरिस स्टे गेस्टहाउस को बेड एंड ब्रेकफास्ट कॉन्सेप्ट के तहत लाइसेंस जारी किया गया था। इसके तहत 6 रूम की परमिशन थी, लेकिन 25 कमरे बने थे।वहीं, हादसे के वीडियो में कुछ लोग जान बचाने के लिए जलती हुई इमारत की तीसरी-चौथी मंजिल से कूदते नजर आ रहे हैं। इन्हें बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने जमीन पर गद्दे भी बिछाए थे।बेसमेंट से भी 6 से ज्यादा लोगों को निकाला गया। 40 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। कई लोगों की हालत गंभीर है। आग लगने की वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है। पिछले 6 महीनों में दिल्ली में आग की अलग-अलग घटनाओं में 66 लोगों की मौत हो चुकी है।
मैक्स हॉस्पिटल के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर संदीप बुद्धिराजा ने बताया कि मालवीय नगर में लगी आग के बाद आज मैक्स अस्पताल में 39 मरीज लाए गए।18 मृत लाए गए। अभी 8 वेंटिलेटर पर हैं। पांच की हालत स्टेबल थी जिन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग से कूदने पर लोगों की हड्डियां भी टूटी हैं। किसी का हाथ तो किसी का पैर टूट गया। कुछ की हालत गंभीर है।एक व्यक्ति बहुत ज्यादा झुलस गया था, उसे सफदरजंग अस्पताल रैफर किया गया है।वहीं, AIIMS में 13 लोगों का इलाज जारी है। इनमें 3 लोग वह हैं, जिन्होंने होटल के कमरों से जान बचाने के लिए छलांग लगाई थी। एक व्यक्ति पैर टूट गए हैं।
हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश : दिल्ली आग हादसे की जिम्मेदारी तय करने के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए। उधर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आग लगने की घटना की डिटेल्ड रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई चूक पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।दिल्ली LG ने फायर सेफ्टी का पालन न करने वाली जगहों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई का आदेश दिया है।यहां हाई लेवल मीटिंग में उन्होंने अधिकारियों को ये आदेश दिए। बैठक के बाद अधिकारियों ने यह जानकारी दी। होटल, नर्सिंग होम,कोचिंग क्लासेस की जांच के लिए अभियान चलाया जाएगा। दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। महापौर ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर तीन दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट और की गई कार्रवाई का ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
