भारत-जापान में रक्षा सह-उत्पादन समझौते पर मुहर,जापान की मदद से देश में खाद के 1000 कारखाने लगेंगे…
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची भारत के दौरे पर हैं। गुरुवार को ताकाइची और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बैठक हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने साझा तौर पर मीडिया को संबोधित किया। इसमें दोनों ही नेताओं ने कई बड़े एलान किए। हालांकि, जो एक समझौता इस वक्त चर्चा में है, वह है दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में सह-उत्पादन से जुड़ा। दरअसल, पीएम मोदी ने खुद इस समझौते के तहत पहले प्रोजेक्ट की जानकरी दी। पीएम ने कहा कि हम क्षेत्र की शांति, नौपरिवहन की सुरक्षा और नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए साझा तौर पर रक्षा तकनीक विकसित करेंगे।भारत और जापान के बीच रक्षा सह-उत्पादन समझौते के तहत जिस पहले प्रोजेक्ट पर सहमति बनी है, वह नौसैनिक रेडियो एंटीना यूनिकॉर्न (यूनिफाइड कॉम्प्लेक्स रेडियो एंटीना) के साझा-विकास से जुड़ा है। यह दोनों देशों के बीच रक्षा उपकरण विकास के क्षेत्र में पहला संयुक्त प्रोजेक्ट होगा। नवंबर 2024 में भारत और जापान के बीच इस तकनीक के हैंडओवर और सह-विकास के लिए एक कार्यान्वयन ज्ञापन (मेमोरैंडम ऑफ इंप्लिमेंटेशन) पर हस्ताक्षर किए गए थे।
अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने साने ताकाइची को अपनी ‘छोटी बहन’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत और जापान की तकनीक, निवेश और उत्पादन क्षमता का मेल दोनों देशों के साथ-साथ पूरी दुनिया के लिए भी फायदेमंद साबित होगा।भारत और जापान ने आर्थिक साझेदारी को नई रफ्तार देने का फैसला किया है। भारत-जापान जॉइंट इकोनोमिक फोरम में प्रधानमंत्री मोदी ने जापानी कंपनियों की दिक्कतें दूर करने के लिए ‘जापान बिजनेस वीक’ शुरू करने का ऐलान किया। इसके तहत PMO के सीनियर अधिकारी सीधे जापानी निवेशकों से बातचीत करेंगे।मोदी ने कहा कि आज दुनिया में बिकने वाली सुजुकी की दो-तिहाई कारें भारत में बन रही हैं और इन्हें 100 से ज्यादा देशों में निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जापान के सहयोग से देश में करीब 1000 खाद (फर्टिलाइजर) कारखाने लगाए जाएंगे।दोनों देशों ने अगले 10 साल में भारत में 10 ट्रिलियन येन के जापानी निवेश का लक्ष्य भी रखा है। पीएम मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने हरियाणा के खरखौदा में मारुति सुजुकी के चौथे वाहन निर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया।
