नागालैंड में असम राइफल्स पर हमला,IED धमाके में एक जवान शहीद, 4 घायल…
नागालैंड के सुखोई क्षेत्र में असम राइफल्स के काफिले के पास संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) विस्फोट की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस विस्फोट में एक जवान की मौत हो गई है, जबकि 4 अन्य जवान घायल हुए हैं। ये धमाका नगालैंड के चुमौकेदिमा इलाके में हुआ है। ये एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार असम राइफल्स के काफिले के पास IED विस्फोट होने की खबर सामने आई है।इस घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।यहां असम राइफल्स का एक बड़ा ट्रेनिंग सेंटर है।पहले से लगाए गए IED ने असम राइफल्स की गाड़ियों के काफिले को निशाना बनाया, जब सुरक्षाकर्मी रुटीन मूवमेंट के तहत उस इलाके से गुजर रहे थे।घायल चार जवानों को तुरंत वहां से निकालकर इलाज के लिए पास के मेडिकल सेंटर ले जाया गया।
सुरक्षा अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, असम राइफल्स के जवान एक बोलेरो एसयूवी गाड़ी में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से प्लान किए गए एक बम (IED) में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में जवानों की गाड़ी आ गई। यह घटना असम और नागालैंड की सीमा के पास हुई है, जहां असम राइफल्स का एक ट्रेनिंग सेंटर भी मौजूद है।अभी तक किसी भी विद्रोही गुट ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। स्थानीय अधिकारी और फोरेंसिक टीमें धमाके की असल वजह और प्रकृति की जांच कर रही हैं।
यह घटना इसलिए भी चिंता का विषय बन गई है क्योंकि एक सप्ताह में पूर्वोत्तर भारत में असम राइफल्स को निशाना बनाकर किया गया यह दूसरा बड़ा हमला बताया जा रहा है। इससे पहले 6 जुलाई को मणिपुर के उखरुल जिले में संदिग्ध आतंकवादियों ने असम राइफल्स के एक काफिले पर घात लगाकर हमला किया था।जिसमें असम राइफल्स के वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और हवलदार सी.एम. सिंह की मौत हो गई थी। हमले के बाद काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई थी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया था।
