कश्मीर के अनंतनाग में आतंकी हमले में हेड कॉन्स्टेबल की मौत,TRF ने ली जिम्मेदारी…
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के लाल चौक इलाके में बुधवार को आतंकियों ने पुलिस पर हमला किया। इसमें हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। दोपहर करीब 12:30 बजे आतंकियों ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग की।सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलियां चलीं। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी जख्मी हो गए।वह अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे।उन्हें तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हमले के बाद आतंकी भाग गए।आतंकी हमले में शहीद हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी बडगाम के निवासी थे।
अनंतनाग में पुलिसकर्मी पर हुए हमले को लेकर टीआरएफ ने सोशल मीडिया के जरिए जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।संगठन ने अपने बयान में कहा की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हमने लक्षित हमला किया। यह भी कहा गया है कि ‘रेजिस्टेंस फाइटर्स’ ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक कर्मी को निशाना बनाया।दावे के अनुसार, जेकेपी के हेड कांस्टेबल आशीक हुसैन पर हमला किया गया जिसमें उन्हें पांच गोलियां लगीं। बयान में संगठन ने भारतीय सरकार और उसके समर्थकों के खिलाफ आगे भी प्रतिरोध जारी रखने की बात कही है।
घटना के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे लाल चौक और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी। अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर भेजे गए और आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।इलाके में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों और लोगों की गहन जांच की जा रही है।
