अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे की सड़क हादसे में मौत,झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था…
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की गुरुवार को दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब उनकी कार अनियंत्रित होकर एक डिवाइडर से जा टकराई।टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त कार में कुल पांच लोग सवार थे। इस दुर्घटना में वाहन में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।अपने भाई की मौत पर अहज़म (अतीक अहमद का एक और बेटा) ने कहा अल्लाह की चीज थी, अल्लाह ने ले ली।उसने कहा कि इससे ज्यादा वो इस पर कुछ नहीं कहेगा।भाई की मौत के बाद झांसी के अस्पताल में अहज़म पहुंचा था।वहां पुलिस की अच्छी खासी संख्या दिखी। जब मीडिया ने उससे प्रतिक्रिया लेनी चाहिए तो उसने इतना ही कहा।
पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सुबह करीब 10:30 बजे दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। शुरुआती जांच के अनुसार, कार चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया था, जिसके परिणामस्वरूप वाहन डिवाइडर से टकरा गया। इस हादसे में दो लोगों की मृत्यु हुई, जबकि तीन अन्य घायल हुए। मृतकों की पहचान प्रयागराज निवासी आबान अहमद और राजा के बेटे सोनू के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, आबान अहमद झांसी में अपने भाई से मिलने के लिए जा रहा था, जो वर्तमान में झांसी जेल में बंद हैं।प्रारंभिक जांचों से पता चला है कि कार अत्यधिक तेज गति से चलाई जा रही थी। एक घायल यात्री ने पुलिस को बताया कि वाहन की गति बहुत अधिक थी और चालक नियंत्रण खो बैठा था। घायल मोहम्मद उमर, जो आबान का दोस्त भी है और कार में सवार था, ने भी पत्रकारों को इसी तरह की जानकारी दी।
घटनास्थल पर मौजूद दीपक यादव, रमाकांत गौतम निवासी खिल्ली और ब्रजेश यादव प्रधान ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायलों तथा मृतकों को वाहन से बाहर निकाला।इसके बाद, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। तेज गति के साथ-साथ अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।आबान अहमद अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा था। वह अहजम का जुड़वां भाई था। अतीक के पांच बेटों में से उमर और अली वर्तमान में उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जेलों में बंद हैं। उसका एक और बेटा असद अहमद उमेश पाल हत्याकांड में वांछित था। असद अप्रैल 2023 में झांसी के पास एक पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।
