भारत जूनियर विमेंस एशिया कप के फाइनल में,दक्षिण कोरिया को हराया,चीन-जापान विजेता से होगा मुकाबला…
चीन में खेले जा रहे AHF जूनियर विमेंस एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत ने साउथ कोरिया को 5-1 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय जूनियर विमेंस हॉकी टीम फाइनल में पहुंच गई। ड्रैग फ्लिकर सुप्रिया ने हैट्रिक लगाई।सुप्रिया ने अपने तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किए। भारत का सामना अब चीन और जापान के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
दोनों टीमों ने संभलकर शुरुआत की लेकिन भारत ने 13वें मिनट में खाता खोला जब मधु सिदर ने शानदार फील्ड गोल पर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने कोरियाई गोल पर लगातार हमले बोले। भारत को 17वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर सुप्रिया ने गोल करके बढ़त दोगुनी कर दी। भारत ने गेंद पर नियंत्रण के मामले में दबदबा बनाए रखा और 21वें मिनट में कोरियाई गोल के 23 मिनट के भीतर हवा में आई गेंद को भारतीय विंगर ने लपका और सर्कल के भीतर शानदार क्रॉस दिया। इसे सुखवीर ने गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया। भारत को 33वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को सुप्रिया ने गोल में बदला। दक्षिण कोरिया के लिए यूरी जियोंग ने 41वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 4-1 किया। भारत ने आखिरी क्वार्टर में बेहतरीन डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए कोरियाई हमलों को नाकाम कर दिया। भारत के लिए पांचवां गोल 56वें मिनट में सुप्रिया ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया।
भारत ने अपने पिछले मुकाबले में पाकिस्तान को 19-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले मेजबान चीन के खिलाफ भारतीय टीम ने गोलरहित ड्रॉ खेला था।भारत ने जापान को 7-0 और मलेशिया को 11-1 से हराया था। टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत ने साउथ कोरिया को 4-1 से मात दी थी।
