एशियन गेम्स-2026:महिला क्रिकेट टीम ने भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया,श्रीलंका को 147 रन से हराया….
एशियन गेम्स के तीसरे दिन भारत ने स्वर्ण पदक का इंतजार खत्म किया। महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता।भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत लिया है। टीम ने मंगलवार को फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराया। भारत ने 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था।भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 216 रन बनाए। यह एशियन गेम्स में भारतीय विमेंस टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। 217 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई।श्रीलंका ने रजत और पाकिस्तान ने महिला क्रिकेट में कांस्य पदक अपने नाम किया। इस गोल्ड मेडल के साथ भारत एशियन गेम्स-2026 की मेडल टैली में टॉप-10 में पहुंच गया है। भारत के खाते में अब तक 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल हैं।
शेफाली वर्मा (48), स्मृति मंधाना (79) और ऋचा घोष (49) की शानदार पारी की मदद से भारत ने 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन बनाए, शेफाली अपने अर्धशतक से मात्र 2 रन से चूक गई। उन्होंने 29 गेंदों में 3 छक्के और 3 चौकों की मदद से 48 रन बनाए।स्मृति मंधाना ने अपना अर्धशतक पूरा किया, वह अपने शतक के करीब बढ़ रही थी लेकिन सुगंदिका ने 79 रनों पर उनकी पारी को समाप्त कर दिया। मंधाना ने 45 गेंदों में खेली 79 रनों की पारी में 7 छक्के और 5 चौके जड़े। इस दौरान उन्होंने अपने 11000 इंटरनेशनल रन पूरे किए, वह इस आंकड़े को छूने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं।कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 17 गेंदों में 19 रन बनाए।स्मृति मंधाना जब आउट हुई थी तब भारत का स्कोर 16.5 ओवरों में 163 रन था।मुश्किल लग रहा था कि भारत 200 का आंकड़ा छू पाएगा, लेकिन ऋचा घोष की तूफानी पारी से भारत ने 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। सिर्फ अंतिम ओवर में ही 25 रन बन गए, जिसमें ऋचा ने 2 छक्के लगाए। ऋचा ने 22 गेंदों में 3 छक्के और 6 चौकों की मदद से नाबाद 49 रन बनाए।
217 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू और इमेशा दुलानी ने पारी की शुरुआत की थी, जो पहले विकेट के लिए सिर्फ 18 रन जोड़ पाई। बल्ले से कमाल करने के बाद शेफाली वर्मा ने गेंद से कहर बरपाया, उन्होंने पॉवरप्ले में 2 विकेट लिए। दुलानी (3) और हसीनी परेरा (0) को आउट किया।श्रीलंका की टीम 15.4 ओवर ही खेल सकी। चामरी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए, जबकि कौशिनी नुथ्यांगना ने 14 और कविशा दिलहारी ने 11 रन बनाए।भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी को भी 2-2 विकेट मिले। श्रीलंका के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
