पुलिस मुख्यालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता – गृह मंत्री अमित शाह की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात…
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय का दौरा किया। यहां उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पुलिस मुख्यालय पहुंचीं।पुलिस मुख्यालय में शाह करीबन 4 घंटे रहे। अब समीक्षा बैठक खत्म हो गई है। इस मीटिंग में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं।शाह चार साल बाद पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे।
यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूचियों में बदलाव को लेकर विपक्षी दल और छात्र संगठन निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया में गड़बड़ियों का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की है।शुक्रवार को कई वामपंथी दलों और स्टूडेंट लीडर्स ने बांग्ला साहिब गुरुद्वारे के पास मार्च निकाला। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की।इसी बीच, कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल दलों ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने का एलान किया है। यह रैली मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ जारी प्रदर्शनों के बीच बुलाई गई है। इसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा कि रैली का फैसला इंडिया ब्लॉक के दलों से बातचीत के बाद संयुक्त रूप से लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है।उन्होंने कहा, एक नवंबर की रैली कांग्रेस पार्टी और इंडिया ब्लॉक की संयुक्त रैली है। इसका फैसला गठबंधन के दलों से बातचीत के बाद लिया गया है। तारीख को लेकर कोई खास बात नहीं है। हम लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और आगे भी करेंगे। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के लिए हमने कई तरह के कार्यक्रम और व्यवस्थाएं की हैं।माथेर ने कहा कि इस रैली में देशभर के राजनीतिक दल शामिल होंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यह रैली ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी आंदोलन के बीच विपक्ष की एकजुटता का मजबूत संदेश देगी।वेणुगोपाल ने पांच अक्तूबर को ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक नवंबर को रैली करने की घोषणा की थी। यह घोषणा एसआईआर के खिलाफ जारी आंदोलन के बीच की गई थी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की। इसमें दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे के बीच ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी दी गई।यात्रियों को सलाह दी कि वे प्रभावित रास्तों से बचें। अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। विरोध प्रदर्शन अब यूनिवर्सिटी परिसरों तक भी पहुंच गए हैं।
