सोनिया नहीं चाहती थी कि राजीव PM बनें…
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को रिलीज होने वाली है। इससे पहले वह अपनी किताब के बारे में छोटे-छोटे अंशों में जानकारियां दे रही हैं। इस बीच उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए उसके कैप्शन में लिखा है, ‘यह किताब जब आएगी तो कुछ तमाशा होना तय है।आखिर दशकों तक दूसरे लोगों ने बढ़ा-चढ़ाकर मेरी कहानी सुनाई थी। अब मेरी बारी है। जब मैं खुद अपनी कहानी दुनिया को बताऊंगी।’
एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो में सोनिया गांधी ने कहा, मुझे नहीं पता कि मुझे पूरी कहानी बतानी चाहिए या नहीं। जब मेरे पति से प्रधानमंत्री बनने के लिए कहा गया, तो मैं इसके पूरी तरह खिलाफ थी।उन्होंने कहा कि मैं कभी भी नहीं चाहती थी कि राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने।उन्होंने आगे कहा, मुझे लगा कि मेरे बारे में बहुत कुछ लिखा जा चुका है। उसमें से बहुत-सी बातें सही नहीं थीं। कुछ बातें या तो गढ़ी गई थीं या बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई थीं। इसलिए मुझे लगा कि अब मैं अपनी कहानी लिख सकती हूं।उन्होंने कहा, मैं तथ्यों और घटनाओं को वैसा बता सकती हूं, जैसी वे वास्तव में थीं। यह मेरा पक्ष नहीं है। मैं इसे अपना पक्ष नहीं कहूंगी, बल्कि यह मेरी कहानी है।उन्होंने कहा, ‘लोगों की अलग-अलग राय होती है। हो सकता है कि कुछ लोग मेरे बारे में अपनी राय बदल लें। कुछ लोगों की राय और खराब हो सकती है, लेकिन ऐसा ही होता है। जब आप कोई किताब लिखते हैं या सार्वजनिक जीवन में होते हैं, तो ऐसा ही होता है। जैसा कि आप लोग यहां कहते हैं, तमाशा तो होना ही है।’
वहीं, अपने X हैंडल पर शेयर किए गए पहले वीडियो पोस्ट में सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के साथ अपनी पहली मुलाकात और अपनी लव स्टोरी की शुरुआत के बारे में भी बताया है। उन्होंने वीडियो पोस्ट के कैप्शन में कहा, ‘कैंब्रिज में एक छोटे से ग्रीक रेस्टूरेंट में मेरी लव स्टोरी का सफर शुरू हुआ था। राजीव और मैंने एक साथ प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई। 10 नवंबर को मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा करूंगी।
बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव शीर्षक वाला यह संस्मरण सोनिया गांधी के पूरे जीवन की बातें है। इसमें द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के इटली में बीते उनके बचपन से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ उनके रिश्ते और उन व्यक्तिगत त्रासदियों व संघर्षों का उल्लेख है।इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष बनने और फिर यूपीए सरकार के दौर की भी कई चीजों के बारे में रोचक और अहम जानकारियां दी हैं।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस किताब का प्रकाशन ‘नोफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप’ का इंप्रिंट अल्फ्रेड ए. नोफ कर रहा है, जिसकी घोषणा 18 अगस्त को की गई थी। अब यह किताब 10 नवंबर को इंटरनेशनल लेवल पर रिलीज होगी।
