NTA के आयुर्वेदिक PG एंट्रेंस एग्जाम में बिजली गुल,रद्द हुई AIAPGET 2026 परीक्षा…
जयपुर में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ( NTA) की ओर से करवाए जा रहे आयुर्वेदिक पीजी एंट्रेंस एग्जाम के दौरान लाइट चली गई। एग्जाम कंप्यूटर बेस्ड था। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं पीजी कॉलेज का शनिवार सुबह 10:20 बजे कुछ स्टूडेंट्स के सिस्टम बंद हो गए। इसके बाद अभ्यर्थियों ने सेंटर के बाहर हंगामा कर दिया।बाद में परीक्षा केंद्र के ऑब्जर्वर की ओर से परीक्षा रद्द किए जाने की जानकारी दी गई।उम्मीदवारों का आरोप है कि परीक्षा शुरू होने के करीब 15 से 30 मिनट बाद ही बिजली चली गई। ऑनलाइन परीक्षा होने के कारण बिजली कटते ही परीक्षा सिस्टम ठप हो गए। छात्रों का कहना है कि केंद्र पर पर्याप्त पावर बैकअप या जनरेटर की व्यवस्था नहीं थी, जिसकी वजह से उन्हें काफी देर तक परीक्षा शुरू होने का इंतजार करना पड़ा।
ऑब्जर्वर डॉ हर्षिता सचदेवा ने बताया- पावर सप्लाई में कुछ दिक्कत थी, इसीलिए आधे कंप्यूटर बंद हो गए थे। पता नहीं कैसे आधे कंप्यूटर काम कर थे। पावर सप्लाई कभी आ रही थी, कभी जा रही थी। इसीलिए कुछ कंप्यूटर काम नहीं कर रहे थे। एनटीए ने परीक्षा कैंसिल कर दी है।नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट यानी AIAPGET 2026 की परीक्षा को लेकर एक नया अपडेट जारी किया है।एनटीए ने प्रभावित हुए उम्मीदवारों के लिए 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। यह परीक्षा राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वूमन में होगी। उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा के लिए नया एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।इसी एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र और दूसरी जरूरी जानकारी दी जाएगी।
दूसरी शिफ्ट में 3 बजे से होम्योपैथिक पीजी का एग्जाम शुरू होने वाला था। इन स्टूडेंट्स की एंट्री 1 बजे तक थी, लेकिन 3 बजे एंट्री दी गई। लेकिन सेकंड शिफ्ट में बायोमेट्रिक सिस्टम काम नहीं करने कि वजह से स्टूडेंट ने एग्जाम हॉल के बाहर हंगामा कर दिया।AIAPGET आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी से जुड़े पीजी में एडमिशन के लिए आयोजित की जाती है। इस परीक्षा का आयोजन एनटीए करता है। यह परीक्षा साल में एक बार सीबीटी के रूप में आयोजित होती है।परीक्षा में 120 मल्टीपल चॉइस सवाल होते हैं और कुल 480 अंक निर्धारित है।प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक मिलते हैं, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक के नेगेटिव मार्किंग होती है। परीक्षा का समय 2 घंटे का होता है।
