PM की फ्यूल बचाने की अपील,शाह-नड्डा ने काफिला आधा किया,पीएम मोदी कीअपने काफिले में कटौती, दिखीं सिर्फ 2 गाड़ियां…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील के बाद गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या आधी कर दी है।पीएम ने काफिलों में इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल करने और गैरजरूरी वाहनों को हटाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को उनके काफिले में 2 गाड़ियां नजर आईं। गुजरात और असम दौरे में भी उनका काफिला छोटा रहा था।पीएम मोदी ने देश से ईंधन की खपत कम करने को कहा था। जिसके बाद उन्होंने खुद अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या को कम कर दिया है।SPG प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षा के जरूरी पहलुओं को बरकरार रखते हुए गाड़ियों की संख्या में यह कमी की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी किए बिना प्रधानमंत्री के काफिले में शामिल वाहनों की संख्या घटा दी गई है। एक वीडियो में पीएम मोदी के काफिले में सिर्फ 2 गाड़ियां दिखी। सरकार के इस कदम को ईंधन बचत और खर्च नियंत्रण की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी सुझाव दिया है कि जहां संभव हो, काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाया जाए। हालांकि इसके लिए नए वाहन खरीदने के बजाय मौजूदा संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया गया है। सरकार के इस कदम को पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
दिल्ली में मंत्री आशीष सूद मेट्रो और फिर ई-रिक्शा से कार्यक्रम में पहुंचे। मध्य प्रदेश में जस्टिस डीडी बंसल साइकिल से हाई कोर्ट पहुंचे, जबकि CM मोहन यादव ने काफिला छोटा किया।उत्तर प्रदेश में सांसद-विधायकों को एक दिन बस-मेट्रो से सफर करने के निर्देश दिए गए हैं। कॉर्पोरेट ऑफिसों में हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम होगा। महाराष्ट्र में मंत्री आशीष शेलार ने कान्स फिल्म फेस्टिवल की यात्रा टाल दी।
प्रधानमंत्री मोदी की इस पहल का असर भाजपा शासित राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। कई राज्यों में मुख्यमंत्री और मंत्री अपने काफिलों में वाहनों की संख्या घटाने पर विचार कर रहे हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित अन्य नेताओं ने भी अपने काफिलों में वाहनों की संख्या घटाने का निर्णय लिया है।
