आंध्रप्रदेश में तूफान अर्नब से तबाही,तीन की मौत, ओडिशा के कई जिलों में अलर्ट,ट्रेनें और फ्लाइट रद्द…
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के बीच बुधवार को सागर का मौसम बदल गया। सुबह धूप रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान में निचले स्तर के बादल छा गए।आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में चक्रवात अर्नब के तट से टकराने के बाद कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली की लाइनें टूट गईं।सड़कें काफी हद तक पानी में डूबी हुई हैं।चक्रवात अर्नब के चलते पूर्वी मेदिनीपुर के दीघा बीच पर समुद्र में उथल-पुथल देखने को मिली। इस दौरान काफी तेज हवाएं चल रही हैं।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मंगलवार (27 अक्टूबर 2026) की सुबह 5:30 बजे के करीब तूफान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद था। इस वजह से समुद्र किनारे मौजूद इलाकों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश होने की आशंका है। IMD की रिपोर्ट के मुताबिक चक्रवात बीते 6 घंटों में करीब 22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ चुका है।
आंध्र प्रदेश के अंतर्वेदी के पास समुद्र में सल्फर ले जा रहा एक मालवाहक जहाज रास्ते से भटकने के बाद उथले पानी में फंस गया। यह घटना चक्रवात अर्नब के बीच सामने आई है। बंदरगाह अधिकारियों के अनुसार, जहाज विशाखापत्तनम से रवाना हुआ था। बताया जा रहा है कि इंजन में खराबी आने के बाद जहाज अपना रास्ता भटक गया और अंततः अंतर्वेदी के पास समुद्र में फंस गया। बंदरगाह अधिकारी और समुद्री एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
चक्रवात अर्नब का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश में देखने को मिला है। यहां तीन लोगों की मौत हो गई और 31 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। एनडीआरएफ के महानिरीक्षक (आईजी) नरेंद्र सिंह बुंडेला ने यहां एक प्रेस वार्ता में बताया कि केंद्र के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा की आपदा प्रबंधन एवं बचाव टीमें अब दोनों राज्यों और आसपास के इलाकों में बारिश से निपटने की तैयारी कर रही हैं। इन क्षेत्रों में बारिश जारी रहने का अनुमान है।बुंडेला ने कहा, “चक्रवात अर्नब से आंध्र प्रदेश के उत्तरी हिस्से और ओडिशा के दक्षिणी हिस्से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। दोनों राज्यों के कुछ जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है।” उन्होंने कहा, “आंध्र प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। हमें जानकारी मिली है कि कई पेड़ उखड़ गए हैं, विभिन्न प्रकार के 31 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और तीन लोगों की मौत हो गई है।”
विशाखापत्तनम में भीषण चक्रवात अर्नब ने भारी तबाही मचाई है। तेज हवाओं के कारण बिजली के खंभे और बड़े पेड़ गिर गए हैं। बहाली का काम चल रहा है।भारी बारिश के कारण कई ट्रेनें रद्द हो गई हैं। कई इलाकों में बिजली भी गुल है। अनकापल्ली, विशाखापट्टनम में करंट से 2 लोगों की मौत हो गई है।आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश (21-30 सेमी) दर्ज की गई है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अत्यधिक भारी बारिश (21-30 सेमी) दर्ज की गई है।
बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में बुधवार सुबह से बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।चक्रवाती तूफान अर्णब का असर देश के विभिन्न हिस्सों में विमान सेवाओं पर पड़ने लगा है। तटीय क्षेत्रों के कुछ एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन प्रभावित होने और उड़ानें रद होने के बीच रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भी सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
