क्या रोहित शर्मा लॉर्ड्स में खेलेंगे अपने करियर का आखिरी वनडे मैच ?चर्चाएं तेज…
भारत बनाम इंग्लैंड तीसरा वनडे अब सीरीज डिसाइडर बन गया है। 3 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुभमन गिल एंड टीम ने जीता था। दूसरे वनडे को जीतकर इंग्लैंड ने सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।भारत बनाम इंग्लैंड तीसरा वनडे रविवार, 19 जुलाई को है। भारत बनाम इंग्लैंड तीसरा वनडे भारतीय समयनुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा, टॉस 3 बजे होगा।कहा जा रहा है कि तीसरा मुकाबला रोहित शर्मा का आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है।भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे से पहले रोहित शर्मा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उनके माता-पिता लंदन पहुंच चुके हैं और लॉर्ड्स में होने वाला मुकाबला देखने के लिए मौजूद रहेंगे।पहले दो वनडे में रोहित शर्मा 11 और 26 रन ही बना सके हैं। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, खासकर 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए। अगर रिपोर्ट्स पर भरोसा किया जाए तो अजित अगरकर की अगुआई वाली राष्ट्रीय चयन समिति ने 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के तहत युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को अधिक मौके देने के लिए वनडे प्रारूप में आगे बढ़ने का फैसला किया है।
रोहित टी20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं। फैंस को अभी भी उम्मीद है कि वो 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में खेलेंगे, लेकिन रिपोर्ट के अनुसार मैनेजमेंट उन्हें उस टीम में नहीं देख रहा। रोहित का हालिया फॉर्म भी अच्छा नहीं रहा है, उन्होंने दूसरे वनडे में भी 26 रन बनाने के लिए 47 गेंदें खेलीं।रोहित शर्मा मौजूदा समय में 39 साल के हैं और विश्व कप तक वे 40 साल के हो जाएंगे।मैनेजमेंट अब युवाओं की तरफ रुख करने पर विचार कर रहा है ताकि वे अपने आपको ढाल सकें और उन्हें इस फॉर्मेट का अनुभव मिले।
रोहित भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे विस्फोटक और भरोसेमंद सलामी बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने अब तक 286 वनडे मैच खेले हैं और कुल 11731 रन बनाए हैं। रोहित ने 56 वनडे मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली और बेहतरीन नेतृत्व में भारत 2023 विश्व कप के फाइनल तक पहुंचा था। इसके अलावा, उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भी जिताया था।
