वेनेजुएला में भूकंप से भीषण तबाही,164 लोगों की मौत,1 हजार से ज्यादा घायल,राष्ट्रीय आपातकाल घोषित…
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार शाम 6.04 बजे 7.2 और 6.05 बजे 7.5 तीव्रता के दो झटके आए। उस समय भारत में गुरुवार तड़के 3.34 और 3.35 बजे थे।लोगों ने बताया कि भूकंप के बाद 60 सेकेंड तक शहर हिलता रहा। 20 ऑफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं।बुधवार शाम आए दो भीषण भूकंपों ने भयंकर तबाही मचाई है, जिसमें अब तक कम से कम 164 लोगों की मौत हो गई है और 971 से अधिक लोग घायल हुए हैं। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने गुरुवार को इस भारी नुकसान की पुष्टि की।यह वेनेजुएला में पिछले 100 साल से भी अधिक समय में आया सबसे विनाशकारी भूकंप है। इसके झटके इतने तेज थे कि वेनेजुएला की राजधानी काराकास से करीब 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन क्षेत्र तक की इमारतें हिल गईं और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल प्रभावित इलाकों में मलबे के नीचे दबे लोगों को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, मरने वालों की संख्या 10 हजार से ज्यादा हो सकती है।
ये भूकंप ऐसे दिन आए, जब पूरे देश में राष्ट्रीय अवकाश था। 1821 में स्पेन के खिलाफ आजादी की लड़ाई की ऐतिहासिक जीत की सालगिरह पर स्कूल और दफ्तर बंद थे। इसी वजह से ज्यादातर लोग अपने घरों में मौजूद थे।दोनों भूकंप राजधानी कराकस से करीब 290 किलोमीटर पश्चिम में आए। इससे कई शहरों में इमारतें गिर गईं या खतरनाक तरीके से झुक गईं। कराकस एयरपोर्ट की छत का कुछ हिस्सा गिर गया। इससे धूल का गुबार उठता दिखाई दिया।स्थानीय अधिकारियों और चश्मदीदों ने बताया कि इमारतें गिर गई हैं, बचाव कार्य चल रहा है और घायलों की संख्या बढ़ रही है। गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने सरकारी टीवी पर कहा, “कई इमारतें और घर ढह गए हैं और हम सुरक्षा और नागरिक सहायता के लिए उपलब्ध हर चीज़ का इस्तेमाल करके स्थिति को संभाल रहे हैं।”
इमरजेंसी घोषित
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बुधवार को देश में आए विनाशकारी भूकंप के बाद इमरजेंसी का एलान किया है। उन्होंने देश को संबोधित करते हुए कहा कि जिन लोगों ने दुर्भाग्य से अपने परिवार के किसी सदस्य को खो दिया है, उनके प्रति हम अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। हालांकि, उन्होंने मरने वालों या घायलों की कुल संख्या नहीं बताई।
भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार- पीएम मोदी
वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने कहा, “वेनेजुएला में आए जबरदस्त भूकंप से हुई तबाही से बहुत दुख हुआ है। भारत के लोगों की ओर से मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।” इस पर वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति ने प्रतिक्रिया दी है।उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उन टिप्पणियों का हार्दिक स्वागत करते हैं, जिनमें उन्होंने अपने देश में आए भूकंप के चलते मची तबाही के बाद संवेदना व्यक्त की और राहत प्रयासों में सहयोग करने की भारत की तत्परता जताई।’
