गुजरात में गोहत्या पर 3 लोगों को उम्रकैद,कोर्ट बोला- सजा नहीं, तो गोमाता विलुप्त हो जाएंगी…
गुजरात में गांधीनगर जिले की एक अदालत ने तीन गोहत्यारों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने तीनों दोषियों- वसीम कुरैशी, मोहम्मद रफीक कुरैशी और अशफाक बहेलिम पर तीन लाख रुपये जुर्माना भी लगाया।अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बीआर राजपूत ने अपने फैसले में प्राचीन हिंदू ग्रंथ मनुस्मृति, वेदों और अन्य धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख करते हुए गाय की महिमा भी बताई।एडिशनल सेशन जज बृजेशकुमारी रामेश्वर सिंह राजपूत ने अपने आदेश में मनुस्मृति, वेदों और अन्य हिंदू धर्मग्रंथों का जिक्र करते हुए गाय को ‘मदर ऑफ वर्ल्ड’ बताया।
यह पूरा मामला 22 अगस्त 2024 का है, जब पुलिस ने कलोल तालुका के जामला गांव में एक घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में मांस, मवेशियों को मारने में इस्तेमाल होने वाले हथियार और गाड़ी बरामद किए थे। बाद में लैब जांच में पुष्टि हुई कि जब्त किया गया 277 किलो मांस बीफ ही था। इस मामले में कुल छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, जिनमें से मुकदमे के दौरान एक आरोपी की मौत हो गई।कोर्ट ने 54 गवाहों और 18 दस्तावेजी सबूतों के आधार पर तीन आरोपियों जूहापुरा के वासीम कुरैशी, बहरामपुरा के मोहम्मद रफीक कुरैशी और सरखेज के अशफाक बहलीम को दोषी ठहराया था।सरकारी वकील के अनुसार, स्थानीय निवासी लालभाई सेनमा और उनका बेटा कमजोर या दूध न देने वाली गायों और भैंसों को खरीदते थे और फिर अहमदाबाद से इन तीनों को बुलाकर व्यावसायिक लाभ के लिए जानवरों की हत्या करवाते थे। कोर्ट ने यह कड़ी सजा ‘गुजरात पशु संरक्षण अधिनियम, 1954’ के तहत सुनाई है, जिसमें साल 2017 में संशोधन करके गोहत्या करने वालों के लिए आजीवन कारावास का प्रावधान किया गया था।
सोमवार को सुनाए फैसले में मनुस्मृति का जिक्र करते हुए अदालत ने कहा कि गाय केवल पशु नहीं है, बल्कि उसे भौतिक समृद्धि और ‘धर्म’ (सदाचार) का आधार माना गया है।अदालत ने कहा कि जब अमृत की बूंदें धरती पर गिरीं, तब कामधेनु प्रकट हुईं। उन्हें धरती पर गोवंश की सभी प्रजातियों की जननी माना जाने लगा। गाय को विश्व की माता माना गया है।उसके शरीर में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास है। गाय के चार पैरों को चार वेदों का प्रतीक भी बताया गया। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला स्पष्ट संदेश है कि राज्य में गोहत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने मामले की जांच और मजबूत सबूत पेश करने के लिए गांधीनगर पुलिस और सरकारी पक्ष को बधाई दी।
