जम्मू-कश्मीर के डोडा में दो स्थानों पर बादल फटने से आई बाढ़,अरुणाचल में बाढ़:MP-बिहार में बिजली गिरने से 8 की मौत…
जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में बादल फटने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। यहां सुबह से ही भारी बारिश हो रही है और बादल फटने से इलाके में अचानक बाढ़ आ गई।डोडा जिले के भलेसा स्थित कलालगीसर इलाके में बुधवार को भारी बारिश के चलते दो बार बादल फटे, जिससे अचानक बाढ़ और मलबा बहकर आया। इस घटना के कारण कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।लगातार बारिश से भूस्खलन और सड़क संपर्क बाधित होने की आशंका और बढ़ गई है।बादल फटने के बाद किशनगंगा नाले का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया। पानी का बहाव अचानक बढ़ने से आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन और संबंधित विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।अधिकारियों ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन सड़क को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वहीं, अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड का कहर है। अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। अंजॉ जिले के सारती गांव में लैंडस्लाइड में एक व्यक्ति की मौत हुई।इधर, मध्य प्रदेश के हरदा-खरगोन में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि बैतूल में एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। वहीं, चंपा नदी के उफान में बाइक समेत दो युवक बह गए।बिहार में भी बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। यूपी के सोनभद्र में मंगलवार शाम 4 बजे पिकनिक मनाने गए 3 लोग बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गए। एक ही मौत हुई।उत्तराखंड में बारिश से देहरादून में रिस्पना नदी उफान पर है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ऋषिकेश में मंगलवार शाम से राफ्टिंग पर 31 अगस्त तक रोक लगा दी गई है।नवी मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार को सड़क पर भरे पानी में करंट फैल गया। इस दौरान नेरुल के एलपी ब्रिज के नीचे से गुजर रहीं टू-व्हीलर सवार दो छात्राएं करंट लगने से गिर गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मानसून ने बुधवार को पंजाब और हरियाणा में एंट्री कर ली। अब दिल्ली और राजस्थान को छोड़ पूरे देश में मानसून पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि जुलाई में देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।IMD ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली, हरियाणा, पंजाब,और राजस्थान में पहुंच सकता है। अल नीनो के असर के कारण इस साल मानसून प्रभावित हुआ है।
