भाजपा ने 11 साल बाद किया टीम में बदलाव,चुनावी राज्यों पर नजर…
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालने के 209 दिन बाद सोमवार को 65 सदस्यों की कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया।संगठन में हुए इस फेरबदल में डिजिटल और सोशल मीडिया विभाग में भी अहम बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को नया राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। उन्होंने अमित मालवीय की जगह ली है, जो करीब 11 वर्षों से पार्टी की सोशल मीडिया रणनीति को संभाल रहे थे। अमित मालवीय ने अपने उत्तराधिकारी दीपक म्हस्के और पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।दिलचस्प है कि इस टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव जैसे नेताओं की संगठन में वापसी हुई है। 13 नाम हैं, जिन्हें बीजेपी ने रिपीट किया है।भाजपा की नई टीम में कई नए नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है। इनमें के. सुरेंद्रन, के. कविता पाटीदार, सांसद भोला सिंह, प्रदीप वर्मा, फांगनोन कोन्याक, अनिल एंटनी, डॉ. संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नाम शामिल हैं। इसके अलावा राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।नितिन नवीन की टीम में 12 महिलाएं हैं। यूपी से दो मुस्लिम चेहरों तारिक मंसूर और बासित अली को शामिल किया गया है। टीम में 13 उपाध्यक्ष, 8 महासचिव, 16 सचिव और 28 सदस्य शामिल हैं। नई टीम की 22 अगस्त को दिल्ली में बैठक होगी।
पार्टी की 65 सदस्यों की टीम में अनुभवी प्रशासक, संगठनात्मक अनुभव वाले लोग, युवाओं, महिलाओं, भौगोलिक विविधता और सामाजिक समावेश का रणनीतिक मिश्रण देखने को मिल रहा है। इस टीम के 40% से ज्यादा सदस्य वंचित समुदायों से आते हैं।भौगोलिक नजरिए से देखें तो, नई नियुक्तियों में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है, जिसमें देश भर के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों को शामिल किया गया है।ऐसी संतुलित नियुक्तियां आने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष की कार्यकारी टीम को देश के विशाल भौगोलिक विस्तार और क्षेत्रीय बारीकियों की गहरी समझ के साथ काम करने में सक्षम बनाएंगी।नई टीम के चयन में पूर्वोत्तर पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस क्षेत्र के तीन नेताओं – त्रिपुरा, असम और नागालैंड से एक-एक को टीम में जगह मिली है।इसके अलावा, समिति में चार आदिवासी प्रतिनिधियों को शामिल करके महत्वपूर्ण आदिवासी आवाजों को भी जगह दी गई है, इनमें पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर से एक-एक प्रतिनिधि शामिल हैं।इनमें से दो सदस्य महिलाएं हैं। उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश से अनुसूचित जातियों के तीन सदस्यों को इसमें शामिल किया गया है।टीम में शैक्षणिक अनुभव और पेशों की विविधता भी है। इसमें दो प्रोफेसर, चार प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टर, पीएचडी धारक, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और वकील शामिल हैं।
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में 12 महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।वहीं स्मृति ईरानी को महासचिव बनाया गया है। कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है।सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश की 3 महिलाओं का है, जबकि महाराष्ट्र की 2 और बाकी राज्यों की 1-1 महिला हैं।बीजेपी ने लिस्ट में चुनावी राज्यों का खास ख्याल रखा है। उत्तर प्रदेश से आठ, उत्तराखंड से चार और पंजाब से दो चेहरों को जगह दी गई है।भाजपा की नई टीम में किए गए बदलावों को आगामी विधानसभा चुनावों और संगठन के विस्तार की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन के साथ मीडिया और डिजिटल विभाग में भी नई जिम्मेदारियां तय की हैं। नई नियुक्तियों से संगठन में जिम्मेदारियों का बंटवारा स्पष्ट किया गया है। पार्टी की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
