रिहा होते ही आजम खां को ED ने हिरासत में लिया…
सपा नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की जेल से रिहाई को लेकर शनिवार को हलचल तेज हो गई। दोनों की रिहाई की प्रक्रिया चलने के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम रामपुर जेल पहुंच गई। ईडी की टीम के जेल पहुंचने से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।उधर, दोनों की रिहाई की उम्मीद में समर्थकों और परिचितों का जेल के बाहर जमावड़ा लगा रहा। भीड़ को देखते हुए जेल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दो पैनकार्ड मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद आजम खां और अब्दुल्ला आजम की रिहाई का रास्ता लगभग साफ हो गया था।शनिवार को दिन भर उनके अधिवक्ता मुचलके भरवाकर रिहाई के परवाने जारी कराने में लगे रहे। मुकदमों की संख्या अधिक होने के कारण इसमें पूरा दिन लग गया।
समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता आजम खान को ईडी की टीम ने रामपुर जेल के बाहर अरेस्ट किया है। ईडी की टीम पैरामिलिट्री फोर्स के साथ पहुंची थी।ईडी की करीबन तीन गाड़ियां रामपुर जेल के बाहर खड़ी हुई थीं।वहीं, जब जेल से रिहा होकर निकले तो आजम खान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अब कहने के लिए बचा ही क्या है? मैं क्या कहूं? कानून तो जैसे खत्म ही हो गया है। क्या मुसलमान होने की यही सजा है?उन्होंने कहा कि हमारी गलती बस इतनी थी, कि एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी बनाई। यही हमारा गुनाह है। हमने बच्चों के लिए स्कूल बनवाए। क्या यही हमारा गुनाह है?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम गाजियाबाद से आजम खान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लाई है। रामपुर से उनको डासना जेल भेजा जा सकता है। समर्थकों की भीड़ को देखते हुए जेल पर भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। समर्थकों के भारी विरोध प्रदर्शन के बीच ईडी की टीम आजम खान को गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई। इस बीच आजम खान के समर्थकों ने हाय-हाय के नारे लगाए। वहीं देर शाम अब्दुल्ला आजम जेल से रिहा हो गए।
