दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम,तेजआंधी के साथ झमाझम बारिश से रूह को सुकून…
बीते कुछ दिनों से तपिश सूरज की तपिश झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गुरुवार दिन में बारिश की फुहारों और काली घटाओं ने राहत दी।राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में गुरुवार दोपहर के बाद मौसम अचानक से बदल गया। आसमान में बादल छाने के बाद तेज आंधी शुरू हो गई। जिसके बाद कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। एनसीआर के कई इलाकों में मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया था।दिन के समय ही काले बादलों ने अंधेरा कर दिया।
दोपहर के समय अचानक तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं, जिसके बाद कई इलाकों में धूलभरी आंधी आई। इसके बाद तेज बारिश और बिजली की कड़क के साथ मौसम सुहावना हो गया। बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। कई जगह लोग घरों की छतों और बालकनियों से बारिश का आनंद लेते नजर आए।
बीते बुधवार को मौसम विभाग ने इन दोनों दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया। इस दौरान तेज धूलभरी आंधी, हल्की बारिश, गरज-चमक जैसी मौसमी घटनाएं होगी। इससे छह जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 4 से 6 जून तक बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मानसून केरलम पहुंचा, इस बार 3 दिन लेट:
मानसून केरलम पहुंच गया है। अगले 2-3 दिन यह गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु को कवर कर सकता है। वहीं, बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों के अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों में आगे बढ़ सकता है।मौसम विभाग के मुताबिक, केरलम, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले 7 दिन में कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में प्री मानसून एक्टिविटी के असर से आंधी-बारिश देखने मिल सकती है।इस बार मानसून 3 दिन लेट है। आमतौर पर यह 1 जून को केरलम पहुंचता है। इसके बाद डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर कर लेता है।मानसून की लेट-लतीफी पिछले कई सालों से जारी है। पिछले 13 साल में यह 7वीं बार है जब मानसून लेट हुआ है।
