एअर इंडिया ने नशे में प्लेन उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला…
एअर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली फ्लाइट AI-2379 के पायलट-इन-कमांड को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। कार्रवाई ड्रग टेस्ट में साइकोएक्टिव पदार्थ का नतीजा पॉजिटिव आने के बाद हुई। कंपनी ने इसे सुरक्षा नियमों और नियामकीय जरूरतों के मामले में अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लिया है।कंपनी ने अपने बयान में कहा है कि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और रेगुलेटरी जरूरतों को लेकर उसकी जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। एयरलाइन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, फुकेत -दिल्ली फ्लाइट के पायलट इन कमांड का साइकोएक्टिव पदार्थ का टेस्ट पॉजिटिव आया। सुरक्षा, फिटनेस या रेगुलेटरी जरूरतों के उल्लंघन को लेकर एयर इंडिया की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत पायलट की नौकरी तुरंत प्रभाव से खत्म कर दी गई है।
4अगस्त 2026 को एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 फुकेत से दिल्ली आ रही थी। एयरबस A320neo में 137 यात्री थे। इनमें तीन बच्चे भी शामिल थे। विमान में छह केबिन क्रू और दो पायलट थे। विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। तभी कुछ ही सेकंड में उसके तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम एक के बाद एक फेल हो गए। इसके बाद ऑटोपायलट बंद हो गया। करीब दो सेकंड तक स्टॉल वॉर्निंग भी सुनाई दी।विमान पहले करीब 372 फीट ऊपर गया। इसके बाद करीब 292 फीट नीचे आ गया। उस समय सीट बेल्ट का साइन बंद था। अचानक हुए बदलाव से 24 लोग घायल हुए। घायलों में 20 यात्री और चार केबिन क्रू शामिल थे। 20 लोगों को शुरुआती इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। चार लोगों को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शुरुआत में कुछ रिपोर्टों में टर्बुलेंस का जिक्र किया गया था, लेकिन बाद की जांच में तकनीकी मुद्दों के साथ पायलट के टेस्ट परिणाम पर भी फोकस किया गया। लेकिन विमान में लोगों के घायल होने और नुकसान को देखते हुए मामले की जांच हादसे के तौर पर शुरू की गई। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो यानी एएआईबी ने अब शुरुआती रिपोर्ट जारी की है।रिपोर्ट में विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम फेल होने और पायलट की ड्रग टेस्ट रिपोर्ट से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है।दिल्ली में विमान उतरने के बाद दोनों पायलटों की मेडिकल जांच हुई। शराब की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में दोनों के नतीजे सामान्य थे। लेकिन साइकोएक्टिव पदार्थ की जांच में पायलट-इन-कमांड का सैंपल नॉन-निगेटिव आया। को-पायलट का सैंपल निगेटिव था। इसके बाद ब्लड सैंपल की कन्फर्मेटरी जांच हुई। इसमें भी पायलट-इन-कमांड का नतीजा नॉन-निगेटिव रहा, जबकि को-पायलट का टेस्ट निगेटिव आया। एएआईबी ने इस नतीजे को गंभीर चिंता का विषय बताया। ब्यूरो ने डीजीसीए से प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की सिफारिश भी की है।
यहां एक बात साफ समझना जरूरी है। AAIB ने अभी तक यह नहीं कहा है कि पायलट के ड्रग टेस्ट के नतीजे की वजह से विमान में यह घटना हुई। विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम एक साथ क्यों फेल हुए, ऑटोपायलट क्यों बंद हुआ और विमान के अचानक ऊपर-नीचे होने की पूरी वजह क्या थी इन पहलुओं की जांच अभी जारी है। फिलहाल इतना साफ है कि AAIB की रिपोर्ट में पायलट-इन-कमांड का ड्रग टेस्ट नॉन-निगेटिव आने की बात सामने आई और रिपोर्ट के बाद एयर इंडिया ने उसकी नौकरी तत्काल प्रभाव से खत्म कर दी।एएआईबी की इस गंभीर घटना को लेकर विस्तृत जांच और अंतिम रिपोर्ट अभी बाकी है।
