प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन:जगमगाया पूरा देश, विदेशों से भी आई शुभकामनाएं…
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी जन्मभूमि वडनगर (गुजरात) से लेकर मौजूदा राजनीतिक कर्मभूमि वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक उत्सव जैसा माहौल है। उनके समर्थकों के अलावा देश के सांविधानिक पदों पर आसीन हस्तियां भी उन्हें बधाई दे रही हैं। पीएम मोदी को विदेश से भी जन्मदिन के शुभकामना संदेश भेजे जा रहे हैं।
17 सितंबर 2026 को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं, जो उनके सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने का भी एक ऐतिहासिक अवसर बना।वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक पद संभालने से लेकर भारत के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सेवा देने के इस पड़ाव पर देश-विदेश से बधाइयों का तांता लगा रहा।इस दोहरे ऐतिहासिक पड़ाव पर भारत ही नहीं, बल्कि विश्व पटल के शीर्ष नेताओं, राजनयिकों, भारतीय राजनीति के पक्ष-विपक्ष के दिग्गजों और बॉलीवुड व खेल जगत की हस्तियों ने प्रधानमंत्री को बधाई संदेश भेजे।ग्लोबल स्टेज पर पीएम मोदी की मजबूत साख का नजारा उनके 76वें जन्मदिन पर साफ देखने को मिला।
दुनिया के शीर्ष शक्तिशाली देशों के राष्ट्रध्यक्षों और विदेशी दूतावासों ने सोशल मीडिया और संदेशों के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी। संदेश में पुतिन ने कहा कि “मोदी को देशवासियों का गहरा सम्मान और वैश्विक स्तर पर बड़ी प्रतिष्ठा हासिल है। उन्होंने भारत-रूस के विशेष और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में पीएम मोदी के योगदान का जिक्र किया। पुतिन ने हालिया दिल्ली यात्रा के दौरान मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए भी आभार जताया और कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सहयोग जारी रहेगा।”
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मेलोनी ने लिखा, ‘मेरे दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना करती हूं। इटली और भारत के बीच संबंधों का जिक्र करते हुए मेलोनी ने आगे लिखा कि इटली और भारत के बीच गहरी दोस्ती लगातार मजबूत हो रही है और मिलकर हमारे देशों के लिए सहयोग और तरक्की का भविष्य बना रहे हैं।’
उधर, नेतन्याहू ने पीएम मोदी को जन्मदिन पर बधाई दी और तारीफ करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, “आपकी लीडरशिप ने भारत को दुनिया की एक बड़ी ताकत बना दिया है। मैं कामना करता हूं कि आप कई और सालों तक इसी तरह नेतृत्व करते रहें और आपका जीवन अच्छी सेहत और खुशियों से भरा रहे।” नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी एक फोटो भी पोस्ट की।
अहमदाबाद में आधी रात हुई तो एक-दो नहीं, 76 हजार दीप एक साथ जल उठे। सामने मां उमिया की महाआरती हो रही थी और हजारों लोग प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना कर रहे थे। दीपों की संख्या 76 होना संयोग नहीं था।17 सितंबर 2026 को PM मोदी 76 साल के हुए और हर दीप को उनकी उम्र के एक वर्ष के प्रतीक के रूप में रखा गया।मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद के विश्व उमियाधाम में PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर विशेष कार्यक्रम रखा गया। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित करीब पांच हजार लोग शामिल हुए।पहले मां उमिया की महाआरती की गई। इसके बाद 76 हजार दीप जलाए गए और उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ गाया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सफलता की प्रार्थना भी की गई।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड के कालसी में भी कार्यक्रम हुआ। मुख्यमंत्री धामी ने आरती में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर भी लोगों की मौजूदगी रही।मध्य प्रदेश के उज्जैन में शिप्रा नदी के तट पर गुरुवार को आरती की गई। इसके बाद शाम को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
दिल्ली के मंत्री आशीष सूद ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा और संकल्प के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि इस दिन समाज में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत के साथ अच्छे काम करने का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 2,500 से अधिक यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है।भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशव्यापी जश्न मना रही है। आज गुजरात में उनके जन्मस्थान वडनगर से संसदीय क्षेत्र वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक बाइक रैली का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेता मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन का मुख्य और आकर्षक आयोजन करहरिया स्थित ऐतिहासिक ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में हुआ। यहां प्रधानमंत्री के यशस्वी और दीर्घायु जीवन की कामना के साथ 76 किलो का एक विशाल और नक्काशीदार लड्डू तैयार कराया गया था, जिसे कार्यकर्ताओं ने केक के प्रारूप में काटकर जश्न मनाया।
