एशियन गेम्स 2026: शानदार ओपनिंग सेरेमनी,भारत के 314 खिलाड़ी पहली बार उतरेंगे…
एशियन गेम्स का 20वां एडिशन आज से जापान के आइची-नागोया में शुरू हो गया है। इसमें 45 देशों के खिलाड़ी 43 खेलों के 469 मेडल इवेंट में हिस्सा ले रहे हैं।पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित भव्य ओपनिंग सेरेमनी में पूरे एशिया के खिलाड़ी और अधिकारी एक मंच पर नजर आए। इसी दौरान भारतीय दल ने भी पूरे जोश और गर्व के साथ मार्च किया। दो ओलंपिक पदक जीत चुकीं भारतीय शूटर मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा थामे भारतीय दल की अगुआई करते नजर आए। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों का बड़ा दल शान से स्टेडियम में पहुंचा और इस खास पल का गवाह बना।एशियन गेम्स पहली बार 1951 में नई दिल्ली में हुए थे। तब 11 देशों ने 6 खेलों में हिस्सा लिया था। भारत ने अब तक दो बार, 1951 और 1982 मे, इन खेलों की मेजबानी की है।
इस भव्य सेरेमनी में जापान ने अपनी सांस्कृतिक झलक पेश की और जापान के सम्राट नारूहिटो ने इन खेलों के आगाज का आधिकारिक एलान किया। जापान ने वैश्विक स्थिति को देखते हुए इस सेरेमनी में एकजुटता और अखंडता का संदेश भी दिया।उनका संबोधन जापानी भाषा में हुआ। आइची और नागोया पूरे एशिया से आए खिलाड़ियों की मेजबानी कर रहे हैं और गवर्नर की मौजूदगी ने समारोह के महत्व को और बढ़ाया। परेड से लेकर म्यूजिक और डांस शो ने दर्शकों का मन मोह लिया। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमाद अल थानी ने भाषण देकर सभी देशों का स्वागत किया।
भारत के 501 खिलाड़ी 36 खेलों में उतरेंगे। इनमें 267 पुरुष और 234 महिलाएं हैं। 314 खिलाड़ी पहली बार एशियन गेम्स में हिस्सा ले रहे हैं। यानी दल का करीब 63% हिस्सा डेब्यूटेंट है।15 साल के वैभव सूर्यवंशी भारतीय दल के सबसे युवा और 55 साल की श्रुति वोरा सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। वैभव क्रिकेट और श्रुति घुड़सवारी में हिस्सा लेंगी।खिलाड़ियों की संख्या के लिहाज से एथलेटिक्स में 79, हॉकी में 40, क्रिकेट और शूटिंग में 30-30, कबड्डी में 24 और रोइंग में 22 भारतीय खिलाड़ी हैं।भारत 43 में से 36 खेलों के कुल 256 इवेंट में हिस्सा लेगा। इनमें एथलेटिक्स के 43, शूटिंग के 27, कयाकिंग-कैनोइंग के 14, साइकिलिंग ट्रैक के 11 और बैडमिंटन के 7 इवेंट शामिल हैं। क्रिकेट में पुरुष और महिला दोनों टीमें टी-20 प्रारूप में खेलेंगी।आइची-नागोया में भारतीय खिलाड़ी पदकों की संख्या बढ़ाने के साथ अपनी नई पीढ़ी को बड़े मंच पर साबित करने की कोशिश करेंगे।
6 खेल पहली बार मेडल स्पोर्ट के तौर पर एशियन गेम्स कार्यक्रम का हिस्सा बने हैं-
- मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स
- पैडल
- सर्फिंग
- टेकबॉल
- वर्चुअल ताइक्वांडो
- बीएमएक्स फ्रीस्टाइल
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में बॉक्सिंग, रेसलिंग, ब्राजीलियन जिउ-जित्सु और किकबॉक्सिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होता है। टेकबॉल में फुटबॉल और टेबल टेनिस का मेल है, जबकि पैडेल टेनिस जैसा रैकेट स्पोर्ट है।वर्चुअल ताइक्वांडो में मोशन-ट्रैकिंग और वर्चुअल रियलिटी तकनीक इस्तेमाल होगी। बीएमएक्स फ्रीस्टाइल में खिलाड़ी हवा में जंप और अलग-अलग ट्रिक्स के आधार पर अंक हासिल करेंगे।इसके साथ ड्रैगन बोट, रोलर स्पोर्ट्स और माइंड स्पोर्ट्स को इस बार कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया है।
अब शुरू होगी पदकों की असली जंग
ओपनिंग सेरेमनी के साथ ही एशियन गेम्स 2026 की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में पदकों के लिए उतरेंगे। भारत इस बार पिछले एशियन गेम्स में किए गए अपने रिकॉर्ड प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा। हांगझोउ 2023 में भारत ने कुल 107 पदक जीते थे, जिसमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य शामिल थे।अब स्टेडियम की चमक के बाद बारी मैदान पर प्रदर्शन की है, जहां भारतीय खिलाड़ी पदकों के लिए अपना दमखम दिखाएंगे।
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “आइची-नागोया में एशियाई खेलों की शुरुआत के साथ ही, मैं भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। हर खिलाड़ी ने बहुत कड़ी मेहनत की है और अद्भुत समर्पण व दृढ़ संकल्प दिखाया है। भारत को उन पर गर्व है।” उन्होंने आगे लिखा, “वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, अच्छा खेलें और शानदार सफलता हासिल करें!”
