एशियन गेम्स 2026:भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को हरा फाइनल में जगह बनाई, श्रीलंका से होगा सामना …
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स-2026 के फाइनल में जगह बना ली है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली इस टीम ने रविवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश को 114 रनों से मात देकर फाइनल में जगह बनाई जहां उसका सामना श्रीलंका से होगा। श्रीलंका ने पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हरा खिताबी मुकाबले में जगह पक्की की। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने अपना कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।इस मुकाबले में शेफाली वर्मा के बल्ले का ऐसा तूफान आया कि बांग्लादेश की पूरी टीम भी उनके व्यक्तिगत स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। शेफाली ने 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए, जबकि बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई। यानी शेफाली ने अकेले बांग्लादेश के सभी 11 बल्लेबाजों से मिलकर बनाए कुल स्कोर से भी 19 रन ज्यादा बनाए।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। शेफाली वर्मा ने इस फैसले को सही साबित करते हुए बांग्लादेशी गेंदबाजों की जमकर खबर ली।रविवार को शेफाली ने 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन की पारी खेली। उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के लगाए।वह एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज भी बनीं। शेफाली का शतक भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर पूरा हुआ। उन्होंने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक पूरा किया। हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की।शेफाली के शतक की बदौलत भारत ने 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए और बांग्लादेश के सामने 196 रन का लक्ष्य रखा। स्मृति मंधाना 19 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुईं। इस दौरान मंधाना विमेंस टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी बन गईं। उनके नाम अब 4,788 रन हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (4,758 रन) को पीछे छोड़ा।गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने 3-3 विकेट लिए, जबकि श्री चरणी को 2 विकेट मिले।
जवाब में बांग्लादेश की शुरुआत ही खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकाले और बांग्लादेश की बल्लेबाजी को कभी संभलने का मौका नहीं दिया। पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गई। बांग्लादेश की ओर से दिलारा अख्तर ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। शर्मिन अख्तर ने 10 और सुल्ताना खातून ने 12 रन बनाए। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी। इस तरह बांग्लादेश के सभी 11 बल्लेबाज मिलकर भी शेफाली के 100 रन के आंकड़े को पार नहीं कर सके।
भारत- शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, भारती फुलमाली, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमालिनी, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़।
बांग्लादेश: दिलारा अख्तर, जुआरिया फिरदौस, शोभना मुस्तारी, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शोर्ना अख्तर, शर्मिन अख्तर, शांजिदा अख्तर मेघला, राबेया खान, नाहिदा अख्तर, मारुफा अख्तर और सुल्ताना खातून।
अब 22 सितंबर को फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा।फाइनल कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क स्टेडियम (Korogi Sports Park Stadium) में खेला जाएगा, जहां बारिश की संभावना है।इस ग्राउंड पर बांग्लादेश बनाम चीन मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था, जिसमें एक भी गेंद का खेल नहीं हो सका था। फाइनल में भी यहां बारिश की संभावना है। बता दें कि फाइनल की विजेता टीम गोल्ड मेडल जीतेगी, जबकि हारने वाली के नाम सिल्वर मेडल होगा।एशियन गेम्स क्रिकेट के फाइनल में रिजर्व डे नहीं है।अगर एशियन गेम्स में भारत और श्रीलंका महिला टीम के बीच होने वाला फाइनल बारिश के कारण रद्द हो जाता है तो टीम इंडिया गोल्ड मेडल जीत जाएगी और श्रीलंका को सिल्वर से संतोष करना पड़ेगा।नियम के अनुसार इस स्थिति में बेहतर रैंकिंग वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा।बता दें कि बांग्लादेश को भी इसी वजह से सेमीफाइनल में जगह मिली थी, क्योंकि उनकी रैंकिंग चीन से बेहतर थी।आईसीसी टी20 महिला टीम रैंकिंग की बात करें तो भारत 12667 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है। श्रीलंका छठे स्थान पर है, जिनके 10488 पॉइंट्स हैं।
