Asian Games 2026:भारत की दमदार शुरुआत,भारत को मिले दो रजत …
एशियन गेम्स 2026 का आगाज हो चुका है और पहले दिन भारतीय महिला निशानेबाजों ने पदक का खाता खोला। भारत को अब तक दो रजत पदक मिले हैं और ये दोनों ही पदक निशानेबाजी में आए हैं। वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में जगह बना ली है और वह स्वर्ण पदक अपने नाम करने से एक कदम दूर है। पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने भी दमदार जीत के साथ एशियाड का आगाज किया है। महिला बैडमिंटन टीम ने भी क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। तैराकी में ऋषभ दास पदक नहीं जीत सके, जबकि टेबल टेनिस में मिलाजुला प्रदर्शन रहा।
रविवार को एलावेनिल वलारिवन ने 10 मीटर राइफल इंडिविजुअल्स इवेंट में 252.4 अंक के साथ सिल्वर जीता। वे 0.6 अंक से गोल्ड मेडल चूक गईं। जापान की हिनाता ताइची ने 253.0 पॉइंट्स लेकर गोल्ड जीता।इससे पहले भारतीय महिला टीम ने 1898.0 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस टीम में एलावेनिल, सोनम मस्कर और विदारसा विनोद शामिल रहीं।सुचिका तरियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की ट्रेडिशनल कैटेगरी (-60 kg) के सेमीफाइनल में पहुंचकर मेडल पक्का किया। उन्होंने मंगोलिया की अल्तनचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराया।
भारतीय तैराक ऋषभ दास पुरुष 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में छठे स्थान पर रहे और पदक लाने से चूक गए। ऋषभ ने फाइनल में 54.77 सेकेंड का समय लिया और वह छठे स्थान पर रहे। भारत मेडल टैली में 10वें स्थान पर है। चीन 11 गोल्ड समेत 20 मेडल जीतकर पहले स्थान पर है। वहीं, मेजबान जापान 6 गोल्ड के साथ नंबर-2 पर है।
