स्पेन में हाई स्पीड ट्रेनें टकराईं, 64 की मौत,रेस्क्यू ऑपरेशन जारी…
स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच टक्कर में कम से कम 64 लोगों की मौत की खबर है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसे में रेनफे एवीई और निजी कंपनी इर्यो की ट्रेन शामिल थीं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।मध्य स्पेन के टोलेडो प्रांत में स्थानीय समयानुसार सुबह 8:54 बजे उर्दा रेलवे स्टेशन के पास दो तेज रफ्तार ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर हुई है.भीषण टक्कर के बाद आपातकालीन सेवाओं को मौके पर बुलाया गया। कैस्टिला-ला मांचा की 112 आपातकालीन सेवा के अनुसार, हादसे के बाद अल्काजार डी सैन जुआन और ऑर्गाज से दमकलकर्मियों, आसपास की नगरपालिकाओं से नागरिक सुरक्षा दलों और तीन मेडिकल हेलीकॉप्टरों को घटनास्थल पर भेजा गया। बचावकर्मी जीवित बचे लोगों की तलाश करने और घायलों की मदद करने में जुटे हैं।
इस हादसे में करीबन 64 लोगों के मारे जाने और 179 लोगों के घायल होने की खबर है। यह आंकड़ा आगे बढ़ भी सकता है। इस घटना के बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंडालूसिया के बीच रेल सेवा रोक दी गई।दुर्घटना से मध्यम दूरी की हाई-स्पीड रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।कैस्टिला ला मांचा इलाके के प्रवक्ता का कहना है कि एस्थर पैडिला ने बताया कि रेनफे ट्रेन में 397 यात्री थे और इर्यो ट्रेन में 147 यात्री सवार थे। स्पेन में इस साल का यह हाई स्पीड रेल नेटवर्क में हुआ दूसरा भीषण हादसा है। इससे पहले एडमुज में ट्रेन पटरी से उतर गई थी, जिसमें 45 लोगों की जान चली गई थी।टोलेडो में जो हादसा हुआ है, वो उसी लाइन पर हुआ है, जहां 18 जनवरी को अदामुज में रेल हादसा हुआ था। ऐसे में अब स्पेन समेत पूरे यूरोप में हाईस्पीड नेटवर्क को लेकर सवाल उठना लाजमी है। स्थानीय सरकार की प्रवक्ता ने कहा कि फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि एवीई ट्रेन ने संभवतः इर्यो ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी। इसके कारण इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर तटबंध से नीचे गिर गए।
टोलेडो शहर के पास स्थित उर्डा के मेयर मैनुअल गैलान ने बताया कि इमरजेंसी सर्विस ने उनसे घायलों को रखने के लिए एक स्पोर्ट्स हॉल तैयार करने को कहा है।इधर, स्पेन में चुनावी प्रचार में जुटे राजनीतिक दलों ने अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। पीएम पेड्रो सांचेज ने इस हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मैं परिवहन मंत्री और कैस्टिला ला मांचा के अध्यक्ष के लगातार संपर्क में हूं।इमरजेंसी सर्विस प्रभावित लोगों की मदद करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही हैं। वे संबंधित प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही हैं।मेरी संवेदनाएं और समर्थन सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है।
इर्यो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि हादसे के कारण अतोचा स्टेशन से दक्षिणी रेल कॉरिडोर की ओर जाने वाली सभी सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। ‘एल पाइस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रेल सेवाएं दोबारा कब शुरू होंगी, इस बारे में फिलहाल कोई अनुमान नहीं है।कंपनी ने कहा कि उसने सभी आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए हैं और स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है। वहीं, रेनफे ने बताया कि मैड्रिड, स्यूदाद रियल और आंदालुसिया के बीच रेल सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।
