उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर क्रैश,पायलट समेत 6 यात्रियों की मौत…
उत्तराखंड में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। बदरीनाथ से देहरादून लाैट रहा एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के नजदीक पांडुकेश्वर में भेड़ गदेरे की पहाड़ी पर क्रैश हो गया है। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि सेना मौके पर पहुंच चुकी है। साथ ही सेना ने रेस्क्यू की कमान भी संभाल ली है। मृतकों के शवों को लाया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर हाथी पहाड़ के ऊपर चांई गांव और लामबगड़ के बीच जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। मृतकों के शवों को दुर्गम जंगल से सड़क तक लाने की कार्रवाई की जा रही है।हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। सभी की हादसे में मौत हो गई।
पायलट
कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष), निवासी दिल्ली।
यात्री
प्रतापा (41 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
अरुण सालुंके (44 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
वी.बी. शंकर गौड़ा (39 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
सुधीर के. (50 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
एच.एस. नटराजा (51 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पांडुकेश्वर सड़क से सात किलोमीटर लगभग पैदल रास्ते पर घटनास्थल स्थित है।बताया जा रहा कि बदरीनाथ और ज्योशीमठ के नजदीक पांडुकेश्वर में भेड़ गदेरे की पहाड़ी पर यह हादसा हुआ है। हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का है। जिसमें एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। सभी यात्री कर्नाटक के और पायलट दिल्ली का है। ये यात्री गुरुवार को आए थे।हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून आ रहा था। जिसे सहस्रधारा हेलीपैड पर उतरना था। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर मैसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक लगा दी गई है।
सीएम धामी ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उक्त हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ‘चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।’
खराब मौसम के बाद भी शुक्रवार को बदरीनाथ के लिए उड़ान जारी थीं। दोपहर एक बजकर पांच मिनट एक हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी जो देहरादून पहुंचा। एक बजकर 12 मिनट देहरादून के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। जो लापता हो गया। एक बजकर 20 मिनट फिर एक हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ से उड़ान भरी। वह भी सुरक्षित देहरादून पहुंच गया।फिर पता चला कि 1.12 मिनट पर उड़ने वाला हेलीकॉप्टर लापता है। इसके बाद भी दोपहर 2.10, 2.15 और 2.22 उड़ान भरी गईं। देहरादून के लिए दिनभर में लगभग 12 हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी। सभी चार्टर थी।
