IRCTC की नई वीटा वेबसाइट लॉन्च,रेल टिकट बुकिंग होगी सुपरफास्ट,रेलवे ने किए बड़े बदलाव…
भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।रेल मंत्री ने छात्रों से किया अपना वादा तय समय पर पूरा कर दिया है। यात्रियों को बेहतर टिकट बुकिंग अनुभव देने के लिए आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन बुधवार को लॉन्च कर दिया गया। नई वेबसाइट को यूजर्स के लिए ट्रायल के तौर पर उपलब्ध कराया गया है, ताकि यात्री इसके नए डिजाइन और सुविधाओं का अनुभव लेकर अपने सुझाव दे सकें।नई व्यवस्था में टिकट बुकिंग पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और पारदर्शी होगी। इसके साथ ही ऑनलाइन बुक किए जाने वाले जनरल टिकट के नियमों में भी महत्वपूर्ण बदलाव लागू कर दिए गए हैं।नई वेबसाइट का बीटा वर्जन https://www.irctc.co.in/eticket/ पर उपलब्ध होगा। इसके अलावा मौजूदा IRCTC वेबसाइट के होमपेज पर भी बीटा वर्जन का लिंक दिया गया है।
रेल मंत्रालय के मुताबिक, वेबसाइट में किए गए कई अहम सुधार MNIT, जयपुर के छात्रों के सुझाव पर हुए हैं। छात्रों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई बातचीत के दौरान कई सुझाव दिए थे, जिसके बाद छात्रों को वेबसाइट के डिजाइन और यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने की प्रक्रिया का हिस्सा बनाया गया था।आईआरसीटीसी वेबसाइट की शुरुआत साल 2002 में हुई थी और फिलहाल इस पर रोजाना औसतन करीब 14.5 लाख टिकट बुक होते हैं।नई वेबसाइट में चार बड़े बदलाव किए गए हैं।
- बेहतर इंटरफेस: गैर जरूरी कैप्चा, पॉप-अप, फ्लैशिंग ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट्स को हटाया गया है।
- सभी श्रेणियों में सीट उपलब्धता: यात्रियों को एक ही स्क्रीन पर अलग अलग क्लासों में सीटों की अवेलबिलिटी दिखाई देगी।
- तेज टिकट बुकिंग: टिकट बुक करने की प्रक्रिया में स्टेप्स की संख्या भी कम की गई है, जिससे चेकआउट पहले से और तेज होगा।
- दोबारा बुकिंग आसान: यात्रियों की सेव की गई जानकारी पहले से मौजूद रहेगी, जिससे बार-बार अपना डिटेल्स भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आईआरसीटीसी ने बताया कि बीटा वर्जन से मिलने वाले यूजर फीडबैक के आधार पर आगे और सुधार किए जाएंगे। आने वाले समय में नई वेबसाइट को नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन से भी जोड़ा जाएगा।रेलवे पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को भी अपग्रेड कर रहा है। यह सिस्टम कई ट्रेन बुकिंग प्लेटफॉर्म को सपोर्ट करता है और अपग्रेडेशन के दौरान इसे लगातार चालू रखना एक बड़ी चुनौती थी।
रेलवे ने यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के लिए प्रोत्साहित करते हुए रेलवन ऐप के आर-वालेट से जनरल टिकट बुक करने पर मिलने वाली तीन प्रतिशत बोनस योजना को 24 अगस्त 2028 तक बढ़ा दिया है।इससे नियमित रूप से डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदने वाले यात्रियों को आर्थिक लाभ मिलता रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ऑनलाइन टिकट बुक करने के बाद यात्रा के दौरान अपना मूल फोटो पहचान पत्र साथ रखें और टिकट उसी मोबाइल फोन में सुरक्षित रखें, जिससे उसकी बुकिंग की गई है।
