NEET-एग्जाम रद्द,नासिक से राजस्थान फिर हरियाणा,कई शहरों में लीक हुआ था NEET का पेपर…
पेपर लीक के आरोपों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को NEET (UG) 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। यह परीक्षा 3 मई को हुई थी। 22.79 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी। NTA ने कहा कि अब परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। नई तारीख बाद में जारी की जाएगी।केंद्र सरकार ने इस मामले की जांच CBI को सौंप दी है। एजेंसी ने मामले में एफआईआर दर्ज की है। NTA ने बताया कि भारत सरकार की मंजूरी मिलने के बाद परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया। उधर, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से दिल्ली में इस मामले में मीडिया ने सवाल पूछा तो वह बिना कुछ बोले निकल गए।
परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों में निराशा, गुस्सा और भविष्य को लेकर चिंता साफ दिखाई दी। कई छात्रों ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने उनकी मेहनत और भरोसे को तोड़ दिया है।कोटा में रहकर पढ़ाई करने वाली एक छात्रा ने कहा कि वह पिछले दो वर्षों से लगातार मेहनत कर रही थी और इस बार उनका पेपर भी काफी अच्छा गया था। उन्हें विश्वास था कि इस बार उनका चयन हो जाएगा, लेकिन परीक्षा रद्द होने की वजह से उनकी उम्मीदें टूटती नजर आ रही हैं। उन्होंने इसे अपने लिए बड़ा झटका बताया।कोटा में पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने कहा कि यह बहुत बड़े स्तर की समस्या है, इसलिए इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर एनटीए दोबारा परीक्षा कराता है तो उसे यह गारंटी देनी चाहिए कि इस बार किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होगी, तभी छात्र भरोसे के साथ परीक्षा में शामिल हो पाएंगे।
NTA के डीजी अभिषेक सिंह ने कहा कि यह फैसला बच्चों के हित में लिया गया है।अब नीट परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी।NTA NEET UG परीक्षा की नई तारीखों और नए NEET UG एडमिट कार्ड की जानकारी जल्द ही NTA की ओर से घोषित की जाएगी। बच्चे परेशान न हों।
छात्रों के लिए जरूरी बातें (रजिस्ट्रेशन और फीस)
कोई नया फॉर्म नहीं: छात्रों को दोबारा आवेदन (रजिस्ट्रेशन) करने की कोई जरूरत नहीं है। मई 2026 के लिए भरा गया आपका पुराना फॉर्म और चुना गया परीक्षा केंद्र ही आगे भी मान्य रहेगा।
कोई नई फीस नहीं: इस नई परीक्षा के लिए आपसे कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी।
फीस वापसी (रिफंड): आपने पहले जो फीस जमा की थी, वह आपको रिफंड कर दी जाएगी। इस बार परीक्षा करवाने का पूरा खर्च NTA खुद उठाएगा।
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में अब महाराष्ट्र से हरियाणा तक फैले बड़े रैकेट की आशंका जांच एजेंसियों ने जताई है। इस मामले की सबसे अहम बात यह है कि लीक हुई प्रश्नपत्रिका की पहली कॉपी नासिक में सामने आने की जानकारी जांच में मिली है।जानकारी के अनुसार, जयपुर से गिरफ्तार किया गया मनीष ही इस पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि मनीष ने प्रश्नपत्र छपने से पहले ही संभावित सवालों की जानकारी हासिल कर ली थी।राजस्थान SOG, केंद्रीय जांच एजेंसियों और अन्य राज्यों की पुलिस की संयुक्त जांच जारी है। जांच में पेपर लीक के तार हरियाणा तक जुड़े होने की बात सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा से पहले ‘गेस पेपर’ के नाम पर कुछ छात्रों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया था। इस गेस पेपर के 100 से ज्यादा सवाल असली NEET परीक्षा से मेल खाने के बाद पूरे देश में हड़कंप मच गया।
