देश का वो कौन सा राज्य है, जहां हैं सिर्फ 2 भिखारी ?
लालकिला पोस्ट डेस्क
लोकल मार्केट से लेकर शहरों में बने मॉल्स के सामने आते-जाते आपको अक्सर भिखारी मिल ही जाते हैं। उन्हें कुछ रुपए देकर आप आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन क्या कभी सोचा है कि आखिर भारत में इन भिखारियों की संख्या कितनी है। आखिर वो कौन सा प्रदेश है जहां पर सबसे ज्यादा भिखारी हैं या वो कौन सी जगह है जहां पर भिखारियों की संख्या सबसे कम है। सामाजिक न्याय मंत्री थावर चंद गहलोत ने इस बात का जवाब लोक सभा में दिया। गहलोत के मुताबिक देश में 4 लाख से ज्यादा भिखारी हैं।
केंद्र सरकार की मानें तो 2011 की जनगणना के अनुसार देश में कुल 4,13,670 भिखारी हैं। जिसमें से 2,21,673 मेल और 1,91997 फीमेल हैं। सबसे ज्यादा भिखारी पश्चिम बंगाल में हैं। यहां भिखारियों की संख्या करीब 81,000 है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर यूपी है, जहां भिखारियों की संख्या 65,835 है, वहीं तीसरे नंबर पर आंध्र प्रदेश है। यहां कुल 30,218 भिखारी हैं। वहीं अगर बिहार की बात करें तो यहां करीब 29,723 भिखारी हैं। जबकि देश की राजधानी दिल्ली में 2,187 और चंडीगढ़ में 121 भिखारी हैं।
अब बात उस राज्य की, जहां भिखारियों की संख्या सबसे कम है। सरकार के मुताबिक केंद्र शासित प्रदेशों में भिखारियों की संख्या सबसे कम है। लक्ष्यद्वीप में दो, दादरा और नगर हवेली में 19, दमन और दीव में 22 और अण्डमान और निकोबार द्वीपसमूह में सिर्फ 56 भिखारी हैं।