हजारों मुसलमानों का हत्यारा कैसे बना अपने गांव के लिए हीरो ? करीब 8000 मुसलमानों का हत्यारा ‘हीरो’ कौन है ?

लालकिला पोस्ट डेस्क
तस्वीरों में दिख रहा ये शख्स बोस्निया का पूर्व मिलिट्री कमांडर रातको म्लादिक है। म्लादिक पर युद्ध के दौरान करीब 8000 निहत्थे मुस्लिमों को जान से मारने के आरोप है। हालांकि म्लादिक भले ही यूरोप के हाई प्रोफाइल वॉर क्राइम सस्पेक्ट में से एक है, लेकिन बावजूद इसके वो अपने गांववालों के लिए किसी हीरो से कम नहीं है। म्लादिक पर लगे आरोपों के खिलाफ हेग में करीब पांच साल से ज्यादा वक्त तक सुनवाई चली। म्लादिक पर 11 गंभीर आरोप थे, जिनमें से 10 मामलों में दोषी पाया गया। म्लादिक फिलहाल आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
म्लादिक पर मानवता के खिलाफ अपराध और नरसंहार के आरोप हैं। आरोपों के मुताबिक बोस्निया वॉर के दौरान म्लादिक ने सेना में रहते हुए उसने न सिर्फ रेब्रिनिका टाउन को अपने कब्जे में ले लिया, बल्कि 8000 निहत्थे मुस्लिमों और मासूमों को मारने का हुक्म दे दिया था। इतना ही नहीं म्लादिक पर बोस्नियाई राजधानी साराजेवो की घेराबंदी के दौरान भी नागरिकों पर तोपें चलवाने के आरोप हैं। म्लादिक को 26 मई साल 2011 को गिरफ्तार कर लिया गया था।
बावजूद इसके म्लादिक करीब दो दर्जन की आबादी वाले अपने गांव का हीरो है। उसके गांव के लोगों पर उसका खुमार किस कदर हावी है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गांव के हर मकान और केबिन्स में म्लादिक का पोर्ट्रेट लगा है। यहां के लोग उसकी तारीफ करते नहीं थकते हैं। इतना ही नहीं म्लादिक को वॉर क्राइम का दोषी ठहराए जाने और आजीवन कारावास की सजा से उनके गांव वाले खासे दुखी हैं।