कोरोना वायरस: दुनियाभर में मरने वाले की संख्या एक लाख के पार ,भारत में 239 मौत

लालक़िलापोस्ट डेस्क
दुनिया भर में कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर गई। भारत में अबतक 239 मौत की खबर है। विश्वभर में करोड़ों लोगों को कोविड-19 महामारी के चलते लागू किए गए लॉकडाउन के कारण घरों में ही ईस्टर (गुड फ्राइडे) मनाना पड़ा। अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष दिसंबर में चीन के वुहान शहर में इस विषाणु के सामने आने के बाद से शनिवार तक 1,699,019 संक्रमित लोगों में से 102,782 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 376,976 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। इनमें से करीब 70 प्रतिशत लोगों की मौत यूरोप में हुई हैं। यूरोप में अब तक 70,245 लोगों की मौत हुई है।
इसके संक्रमण के कारण इटली में 18,849 लोगों की मौत हुई हैं। यह विश्व भर में किसी देश में सबसे अधिक मृतक संख्या है, जबकि उसके बाद अमेरिका में 17,925 लोगों की मौत हुई है। वहीं, स्पेन में 16,081 लोगों की मौत हुई है। स्थिति बहुत भयावह होती जा रही है, ऐसे में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सख्त चेतावनी जारी की है कि समय से पहले बंद हटाने से बीमारी बहुत तेजी से फैल सकती है। दुनिया की आधी से अधिक आबादी बंद लागू होने के कारण अपने घरों में हैं। उधर ,अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने कहा कि आर्थिक गतिविधियां बंद होने से दुनिया 1930 के दशक की महामंदी के बाद अब सबसे बड़ी मंदी की ओर जा रही है। अमेरिका में यह वायरस बहुत तेज गति से फैला है, जहां अब तक पांच लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि करीब 18,000 लोगों की मौत हो चुकी है।