मच्छर भगाने वाला क्वाइल्स सेहत को कैसे पहुंचाता है नुकसान ?

लालकिला पोस्ट डेस्क
मच्छरों से छुटकारा पाने के लिए अक्सर लोग घरों में मच्छर भगाने वाली क्वाइल सुलगाते हैं। ये क्वाइल्स बाजार में आसानी से मिल जाती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि मच्छर को भगाने वाली ये क्वाइल्स आपके सेहत को बहुत नुकसान पहुंचा सकती हैं। ज्यादातर लोग मच्छर भगाने वाली क्वाइल्स रात भर के लिए सुलगाकर सो जाते हैं। इससे मच्छर तो नहीं काटते हैं, लेकिन शरीर पर इसका बहुत घातक असर पड़ता है।
दरअसल मच्छर भगाने वाली क्वाइल्स पायरेथिन नाम के यौगिक से बनाई जाती हैं। इस यौगिक का उपयोग कीटनाशक के रूप में किया जाता है। पायरेथिन कीटों के नर्वस सिस्टम पर अटैक करता है। जिससे उनकी मृत्यु हो जाती है। लेकिन इसका असर मानव शरीर पर भी पड़ता है। मच्छर भगाने वाली क्वाइल्स में पाए जाने वाले पायरेथिन का असर कीटों पर ही नहीं मानव शरीर पर भी पड़ता है। इस बारे में क्वाइल्स के पैकेट पर बाकायदा चेतावनी भी लिखी होती है।
मलेशिया में हुई एक रिसर्च में सामने आया कि सोते समय मच्छर भगाने वाली क्वाइल को सुलगाने से आपके फेफड़ों को 100 सिगरेट पीने के बराबर नुकसान होता है। यही नहीं जिन लोगों को अस्थमा की दिक्कत होती है उनके लिए ये क्वाइल्स घातक भी हो सकती हैं। इतना ही नहीं जली-कटी त्वचा अगर इन क्वाइल्स के संपर्क में आ जाए तो जलन होने लगेगी।
लगातार क्वाइल्स सुलगाकर सोने से साइनस की समस्या भी हो सकती है। आंखों में जलन और बंद नाक की समस्या इसे सुलगाने की वजह से हो सकती है। इसके अलावा ये क्वाइल्स प्रकृति के लिए भी नुकसानदेह साबित होती हैं। इसलिए मच्छर से परेशान लोगों को सलाह दी जाती है कि घर ही नहीं आस-पास भी साफ-सफाई रखें और मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।